टोर्टॉइस पब्लिक स्कूल में स्थापना दिवस पर पर्यावरण जागरूकता व स्वास्थ्य शिविर आयोजित
सीकर | 11-02-2026 — बस डिपो के निकट स्थित टोर्टॉइस पब्लिक स्कूल में विद्यालय का स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर सृष्टि मित्रा की टीम द्वारा बच्चों एवं अभिभावकों के लिए पर्यावरण जागरूकता एवं स्वास्थ्य संवर्धन से संबंधित विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रकृति के महत्व, पर्यावरण के साथ हो रही अनजानी छेड़छाड़ से पेड़-पौधों, जीव-जंतुओं तथा मानव जीवन पर पड़ रहे दुष्प्रभावों एवं भविष्य में संभावित परिणामों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में गौरैया घर स्थापित किया गया तथा एक अभिभावक के घर पर भी गौरैया घर लगाकर बच्चों को व्यवहारिक रूप से प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया। बच्चों को देशी गाय संरक्षण, वृक्षारोपण तथा प्लास्टिक हटाओ अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
सुलेखा स्वामी (अध्यक्ष, सृष्टि मित्रा) ने कहा, “प्रकृति संरक्षण केवल अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए।”
डॉ. मुकेश स्वामी ने कहा, “मनुष्य, पशु-पक्षी और पेड़-पौधे एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। प्रकृति का संतुलन बिगड़ता है तो उसका असर सीधे हमारे स्वास्थ्य और भविष्य पर पड़ता है।”
विद्यालय की प्राचार्य उषा तिवारी ने कहा, “विद्यालय का उद्देश्य केवल पाठ्यज्ञान नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिक तैयार करना भी है।”
विद्यालय के संस्थापक पवन तिवारी ने कहा, “शिक्षा के साथ पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता बच्चों के संस्कारों का हिस्सा बननी चाहिए।”
इस अवसर पर डॉ. खुशी तिवारी एवं उनकी टीम द्वारा बच्चों एवं अभिभावकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में सृष्टि मित्रा की ओर से पवन कुमावत एवं राजेंद्र गुर्जर उपस्थित रहे। दोनों ने बच्चों को प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के अंत में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।